Site icon unique 24 news

बॉलीवुड के वो निर्देशक जिनकी पहली फिल्म ने ही जीता दर्शकों के दिल

Cinema vector poster design template. 3d golden text of Bollywood decorated with filmstrip on white background, vector EPS 10 format

वेब-डेस्क :- अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी 2’ इन दिनों सिनेमाघरों में चल रही है। फिल्म को दर्शकों द्वारा काफी पसंद भी किया जा रहा है और फिल्म की ऐतिहासिक कहानी होने के नाते इसकी सराहना की जा रही है। फिल्म को करण सिंह त्यागी ने डायरेक्ट किया है और ये उनकी पहली फिल्म है। ऐसे में अपनी पहली ही फिल्म में जलियांवाला बाग जैसे मुद्दे को उठाने पर करण सिंह त्यागी की काफी तारीफ की जा रही है। अपनी पहली ही फिल्म से करण सिंह त्यागी सुर्खियों में आ गए हैं और काफी प्रशंसा बटोर रहे हैं। करण सिंह त्यागी से पहले भी कई ऐसे बॉलीवुड डायरेक्टर हुए हैं, जिनकी पहली फिल्म हिट हुई और वो अपनी पहली ही फिल्म से छा गए। जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौनसे निर्देशक हैं शामिल हैं।

करण जौहर (कुछ कुछ होता है)
बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक करण जौहर अपनी पहली निर्देशित फिल्म से ही इंडस्ट्री में छा गए थे। करण ने 1998 में आई फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी स्टारर यह फिल्म एक कॉलेज स्टूडेंट्स की लव लाइफ पर थी। जिसे उस वक्त युवाओं ने काफी पसंद किया था। फिल्म ने कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित किए थे। इस फिल्म के लिए करण जौहर को बेस्ट डायरेक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था।

आदित्य चोपड़ा (दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे)
मौजूदा वक्त में यशराज फिल्म्स के कर्ता-धर्ता और दिग्गज निर्देशक यश चोपड़ा के बेटे आदित्य चोपड़ा ने अपने निर्देशन की शुरूआत 1995 में आई फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ से की थी। शाहरुख खान और काजोल स्टारर यह फिल्म बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर कमाई के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। फिल्म के नाम कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी हैं। फिल्म को कई अवॉर्ड भी मिले हैं। फिल्म मराठा मंदिर में कई सालों तक चली थी। आज भी इसकी गिनती हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में होती है।

यह भी पढ़े … 

https://unique24cg.com/ipl-2025-bbci-is-doing-the-idea-of-u200bu200bincreasing-the-number-of-matches-from-2028/

अनुराग कश्यप (ब्लैक फ्राइडे)
अपनी अलग तरह की फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप ने साल 2004 में आई फिल्म ‘ब्लैक फ्राइडे’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। ये फिल्म 1993 के मुंबई ब्लास्ट पर आधारित है। इस फिल्म को बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में गिना जाता है। हालांकि, इस फिल्म से पहले अनुराग कश्यप ने ‘पांच’ का निर्देशन किया था। लेकिन ये फिल्म भारत में कभी रिलीज नहीं हुई। ब्लैक फ्राइडे के लिए अनुराग को काफी तरीफें भी मिली थीं।

फरहान अख्तर (दिल चाहता है)
एक्टर-सिंगर और दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर ने अपने करियर में कई सफल फिल्मों का निर्देशन किया है। फरहान ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरूआत 2001 में आई ‘दिल चाहता है’ से की थी। अपनी पहली ही फिल्म से फरहान अख्तर इंडस्ट्री में छा गए। तीन दोस्तों की कहानी दिखाती इस फिल्म को आज भी बॉलीवुड की कल्ट फिल्मों में शामिल किया जाता है।

रितेश बत्रा (द लंचबॉक्स)
रितेश बत्रा ने अपने निर्देशन की शुरूआत 2013 में आई इरफान खान की फिल्म ‘द लंचबॉक्स’ से की थी। अपनी पहली फिल्म में एक ऐसी कहानी दिखाकर रितेश ने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग छाप बना ली। ‘द लंचबॉक्स’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

दिबाकर बनर्जी (खोसला का घोसला)
आपको अनुपम खेर और बोमन ईरानी की फिल्म ‘खोसला का घोसला’ तो याद ही होगी। अपनी हल्की-फुल्की कहानी वाली इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी। फिल्म को काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म से दिबाकर रातों-रात इंडस्ट्री में छा गए थे।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Exit mobile version