गर्मियों में बर्फीली ठंडक का अहसास, छत्तीसगढ़ का ‘कश्मीर’

गर्मियों में बर्फीली ठंडक का अहसास, छत्तीसगढ़ का ‘कश्मीर’

वेब -डेस्क :- गर्मियों में बर्फीली ठंडक का अहसास कोरबा जिले में प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहर का अद्भुत संगम छुपा है — चैतुरगढ़। समुद्र तल से करीब 3060 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह स्थल अपनी ठंडी हवाओं, घने जंगलों, प्राचीन मंदिरों और ऐतिहासिक किलों के कारण गर्मियों में भी पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इसे ‘छत्तीसगढ़ का कश्मीर’ भी कहा जाता है।

इतिहास की गहराइयों में रचा बसा चैतुरगढ़

पाली से 25 किलोमीटर और कोरबा से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्थित चैतुरगढ़, कलचुरी वंश द्वारा निर्मित एक सुदृढ़ गढ़ है। चारों ओर से खाइयों और मजबूत दीवारों से घिरे इस किले का निर्माण राजा पृथ्वी देव ने 1069 ईस्वी में करवाया था। गर्मी के मौसम में भी यहाँ का तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है, जो इसे एक अद्वितीय पर्यटन स्थल बनाता है।

यह भी पढ़े …. रहस्यमयी पहाड़ियों में बच्चों का रोमांचकारी सफर – unique 24 news

तीन प्रवेश द्वार और पांच प्राचीन तालाब

चैतुरगढ़ के भीतर प्रवेश के लिए तीन प्रमुख द्वार – मेनका द्वार, हुंकार द्वार और सिंह द्वार बनाए गए हैं। किले परिसर में बने पाँच तालाबों में से गर्गज तालाब, केकड़ा तालाब और सूखी तालाब आज भी जल से परिपूर्ण रहते हैं, जो यहाँ के जल प्रबंधन की श्रेष्ठता को दर्शाते हैं।

आस्था का केंद्र: महिषासुर मर्दिनी मंदिर

चैतुरगढ़ का मुख्य धार्मिक स्थल मां महिषासुर मर्दिनी का प्राचीन मंदिर है, जिसे आठवीं शताब्दी में कलचुरी शासकों ने नागर शैली में बनवाया था। गर्भगृह में विराजमान 12 भुजाओं वाली देवी की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और शक्ति का प्रतीक है। चैत्र और शारदीय नवरात्रि पर यहाँ विशाल मेले का आयोजन होता है।

रहस्यमयी शंकर गुफा और प्राकृतिक सौंदर्य

मंदिर से तीन किलोमीटर दूर स्थित शंकर गुफा, 25 फीट लंबी और रोमांच से भरी हुई है। इसके अलावा, चैतुरगढ़ की पहाड़ियाँ हसदेव अरण्य के घने जंगलों से जुड़ी हैं, जो तेंदुआ, भालू, चीतल जैसे वन्यजीवों और सैकड़ों औषधीय पौधों की प्रजातियों का घर हैं। चामादरहा, तिनधारी और श्रंगी जैसे जलप्रपात यहां के प्राकृतिक आकर्षण में चार चांद लगाते हैं।

विरासत को संरक्षित करने की आवश्यकता

विशेषज्ञों के अनुसार, चैतुरगढ़ जैसे स्थलों को संरक्षित और वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नया आयाम देगा। यहां का ऐतिहासिक गौरव, प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्ता इसे भविष्य का प्रमुख पर्यटन स्थल बना सकते हैं।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

 

छत्तीसगढ़ पर्यटन और यात्रा