Site icon unique 24 news

पीएम मोदी ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

वेब-डेस्क :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके अलावा वे महानगर वासियों को भूमिगत मेट्रो-3 एक्वा लाइन की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री 8 व 9 अक्तूबर को महाराष्ट्र में रहेंगे और इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।

https://x.com/ANI/status/1975857836367454584?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1975857836367454584%7Ctwgr%5E1e72b4a76d3f4c290d0271cc70f9ea6181eb1f75%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.amarujala.com%2Findia-news%2Fpm-modi-inaugurate-navi-mumbai-international-airport-today-announce-several-other-projects-know-all-updates-2025-10-08

इसके अलावा प्रधानमंत्री मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मुंबई मुंबई में ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर से भी मिलेंगे। इस दौरान दोनों देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए बैठक करेंगे। इसके मद्देनजर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

करोड़ों लोगों के जीवन में लाएगा सकारात्मक बदलाव
पीएमओ ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए तैयार है। 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित यह हवाईअड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में एनएमआईए छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के साथ मिलकर काम करेगा। इससे भीड़भाड़ को कम किया जा सकेगा और मुंबई को वैश्विक बहु-हवाई अड्डा प्रणालियों की श्रेणी में शामिल किया जा सके। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 1160 हेक्टेयर क्षेत्रफल के साथ, दुनिया के सबसे कुशल हवाई अड्डों में से एक के रूप में डिजाइन किया गया है। यह हवाई अड्डा अंततः वार्षिक 90 मिलियन यात्रियों (एमपीपीए) और 3.25 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो को संभाल सकेगा। इसकी अनूठी सुविधाओं में एक स्वचालित पीपल मूवर (एपीएम) शामिल है, जो एक परिवहन प्रणाली है जो सभी चार यात्री टर्मिनलों को सुचारू अंतर-टर्मिनल स्थानांतरण के लिए जोड़ेगी। साथ ही एक लैंडसाइड एपीएम भी है जो शहर के बुनियादी ढांचे को जोड़ेगा। स्थायी प्रथाओं के अनुरूप, इस हवाई अड्डे में स्थायी विमानन ईंधन (एसएएफ) के लिए समर्पित भंडारण, लगभग 47 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और पूरे शहर में सार्वजनिक संपर्क के लिए ईवी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी। एनएमआईए देश का पहला हवाई अड्डा भी होगा जो वाटर टैक्सी से जुड़ा होगा।

यह भी पढ़े … “द बैटल ऑफ शत्रुघाट” का मोशन पोस्टर हुआ रिलीज़ – unique 24 news

आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक दौड़ेगी भूमिगत मेट्रो
पीएम मोदी आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के चरण 2बी का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 12,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया गया है। इसके साथ ही, वह 37,220 करोड़ से अधिक की लागत से बनी संपूर्ण मुंबई मेट्रो लाइन 3 (एक्वा लाइन) का लोकार्पण करेंगे, जो शहरी परिवहन में मील का पत्थर साबित होगी। यह परियोजना मुंबई की पहली और एकमात्र पूर्ण भूमिगत मेट्रो लाइन के रूप में मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में आवागमन को नए सिरे से परिभाषित करेगी और यहां के लाखों निवासियों के लिए तेज, अधिक कुशल और आधुनिक परिवहन समाधान प्रदान करेगी।

एकीकृत, कॉमन मोबिलिटी एप मुंबई वन भी करेंगे लॉन्च
प्रधानमंत्री मेट्रो, मोनोरेल, उपनगरीय रेलवे और बस पीटीओ के 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों (पीटीओ) के लिए एकीकृत कॉमन मोबिलिटी एप मुंबई वन भी लॉन्च करेंगे। इनमें मुंबई मेट्रो लाइन-2ए और 7, मुंबई मेट्रो लाइन-3, मुंबई मेट्रो लाइन-1, मुंबई मोनोरेल, नवी मुंबई मेट्रो, मुंबई उपनगरीय रेलवे, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट), ठाणे नगर परिवहन, मीरा-भाईंदर नगर परिवहन, कल्याण-डोंबिवली नगर परिवहन और नवी मुंबई नगर परिवहन शामिल हैं। मुंबई वन एप यात्रियों को कई तरह के लाभ प्रदान करेगा, जिसमें कई सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों के लिए एकीकृत मोबाइल टिकटिंग, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देकर कतारों से मुक्ति, कई परिवहन साधनों वाली यात्रा के लिए एकल डायनामिक टिकट के माध्यम से निर्बाध मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी शामिल है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Exit mobile version