Site icon unique 24 news

PM मोदी पहुंचे उत्तराखंड के धराली गांव , आपदा प्रभावित ग्रामीण हुए भावुक

वेब-डेस्क :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के दौरान जौलीग्रांट एयरपोर्ट के राज्य अतिथि गृह में उनसे मिलने पहुंचे धराली गांव के आपदा प्रभावित ग्रामीण बेहद भावुक हो गए। 5 अगस्त की उस भयावह आपदा में सब कुछ खो चुके इन लोगों ने प्रधानमंत्री के सामने अपने दर्द को साझा किया।

बेटे को खोने के दर्द से टूट गई कामेश्वरी देवी
पीएम से मिलने पहुंची कामेश्वरी देवी अपने जवान बेटे को खोने के दर्द से इस कदर टूट चुकी थीं कि कुछ कह भी नहीं पाईं। उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे और वह सिर्फ इतना कह सकीं कि इस आपदा ने हमसे सब कुछ छीन लिया। परिवार का रोजगार तो गया ही साथ ही मेरा बड़ा बेटा आकाश भी चला गया।

धराली से प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वालों में ग्राम प्रधान अजय नेगी, बीडीसी प्रतिनिधि सुशील पंवार, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुनीता देवी, और कामेश्वरी देवी शामिल थे। इन सभी ने नम आंखों और भरी आवाज में 5 अगस्त की तबाही का मंजर बयां किया।

यह भी पढ़े … राष्ट्रपति भवन में सीपी राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ – unique 24 news

सब कुछ पल भर में जमींदोज हो गया
प्रधान अजय नेगी ने इस आपदा में अपने चचेरे भाई सहित कई साथियों को खो दिया, जबकि सुशील पंवार ने अपने छोटे भाई और उसके पूरे परिवार को खो दिया। महिला मंगल दल अध्यक्ष सुनीता देवी की तो जीवन भर की कमाई उनका घर, होमस्टे और बगीचे सब कुछ पल भर में जमींदोज हो गए। आपदा में लापता लोगों में सिर्फ कामेश्वरी देवी के बेटे आकाश का शव ही अब तक मिला है।

आपदा ने लोगों के दिलों में छोड़ा गहरा घाव
ग्राम प्रधान अजय नेगी ने मीडिया को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को गांव की हर तबाही की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। उन्होंने प्रधानमंत्री से धराली के पुनर्वास, लोगों को फिर से रोजगार देने और कृषि ऋण माफ करने की मांग की। प्रधान ने बताया कि पीएम मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आपदा प्रभावितों के पुनर्वास और रोजगार के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर आपदा प्रभावित को हर संभव मदद दी जाएगी। यह मुलाकात दर्शाती है कि इस आपदा ने न सिर्फ संपत्ति का नुकसान किया है, बल्कि लोगों के दिलों पर भी गहरा घाव छोड़ा है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Exit mobile version