वेब-डेस्क:- देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों में तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाएं :- राजधानी दिल्ली में तेज उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को हवा की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 11.8°C रहा। गुरुवार को भी 14-18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अनुमान है कि शुक्रवार से हवा की तीव्रता में कमी आएगी।
उत्तर प्रदेश में सर्दी की वापसी :- तेज पछुआ हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के कई जिलों में हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। हालांकि, धूप निकलने से दिन में थोड़ी गर्माहट महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से हवाओं की रफ्तार कम होने लगेगी।
राजस्थान में तापमान में गिरावट :- राजस्थान में पछुआ हवाओं के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट देखी गई है। कई जिलों में पारा 6°C तक पहुंच गया है। 7-8 मार्च से तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है।
यह भी पढ़े ….. ‘खेलो इंडिया’ अस्मिता सिटी लीग इंडोर स्टेडियम में 9 मार्च को – unique 24 news
देशभर में मौसमी गतिविधियां :- एक साइक्लोनिक सिस्टम पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ताजा पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में उत्तर-पश्चिमी हवाएं जारी रहेंगी। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और लक्षद्वीप में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में तेज हवाएं जारी रहेंगी। राजस्थान और गुजरात में तापमान और गिर सकता है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….