Site icon unique 24 news

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़

रायपुर : भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अगले महीने छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, उपराष्ट्रपति 2 सितंबर को रायपुर में आयोजित एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के भी मौजूद रहने की संभावना है। बताया गया है कि एम्स के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने दिल्ली में उपराष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें दीक्षांत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। उपराष्ट्रपति का यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में चिकित्सा शिक्षा से जुड़े छात्र-छात्राओं को डिग्री और सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

बता दें कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इन दिनों अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दो दिवसीय दौरे पर हैं। 8 अगस्त को उन्होंने श्री विजय पुरम स्थित सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक में शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की, स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त किया और वीर सावरकर की सेल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में हिस्सा लिया। रविवार को उपराष्ट्रपति ने श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इसी ऐतिहासिक स्थल पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को तिरंगा फहराया था। वहीं 9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो दिवस’ के अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने अंडमान दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘वंदे मातरम पर तिरंगा कॉन्सर्ट’ में भी शामिल होंगे और ऐतिहासिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप का दौरा करेंगे।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Exit mobile version