Site icon unique 24 news

बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 400 अंक चढ़ा; निफ्टी 24,100 के पार पहुंचा

न्यूज़ डेस्क :- घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को सकारात्मक माहौल देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में मजबूत खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया, जबकि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली का दबाव भी बना हुआ है।

यह भी पढ़ें…. छत्तीसगढ़ में रफ्तार पकड़ चुका मानसून, अगले 7 दिन तेज बारिश के संकेत – unique 24 news


मुंबई  (ए)। शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स करीब 400 अंकों की मजबूती के साथ 77,300 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि निफ्टी ने 100 से अधिक अंकों की बढ़त दर्ज कर 24,100 का स्तर पार कर लिया।
बाजार में सबसे ज्यादा तेजी आईटी और मेटल सेक्टर में देखने को मिली। प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में अच्छी खरीदारी दर्ज की गई। इंफोसिस और एचसीएल टेक के शेयर लगभग 4 प्रतिशत तक उछल गए, जिससे बाजार को मजबूती मिली।
एशियाई बाजारों की बात करें तो कारोबार का रुख मिला-जुला रहा। हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त में रहा, जबकि जापान के निक्केई और दक्षिण कोरिया के कोस्पी सूचकांक में गिरावट दर्ज की गई।


वहीं अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दबाव देखने को मिला। डाउ जोन्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक और एसएंडपी-500 में भी कमजोरी रही।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली का सिलसिला लगातार जारी है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने 3,907 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की है। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) लगातार खरीदारी कर बाजार को सहारा देते नजर आए हैं।
इससे पहले मंगलवार को भी बाजार में मजबूती देखने को मिली थी। सेंसेक्स 443 अंकों की बढ़त के साथ 76,922 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 140 अंक चढ़कर 24,005 के स्तर पर पहुंच गया था।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Exit mobile version