वेब-डेस्क :- आईपीएल 2025 में सोमवार को मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने वानखेड़े में खेले गए रोमांचक मुकाबले में एमआई को 12 रन से हरा दिया। इस जीत के बाद विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज में जीत का जश्न मनाया उन्होंने वानखेड़े में हुंकार भरी। वहीं, मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मुंह लटका हुआ नजर आया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
एक वक्त जीत की दहलीज पर खड़ी थी एमआई की टीम
बेंगलुरु ने वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ 10 साल बाद जीत दर्ज की है। हालांकि, एक वक्त जब हार्दिक और तिलक वर्मा बल्लेबाजी कर रहे थे तब ऐसा लगा था कि मुंबई की टीम जीतने में कामयाब रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आखिरी तीन ओवर में मुंबई को जीत के लिए 41 रन की जरूरत थी और उस वक्त स्ट्राइक पर हार्दिक और तिलक थे। हालांकि, 17वें ओवर के बाद मैच आरसीबी के पक्ष में मुड़ गया। मुंबई की टीम आखिरी तीन ओवर में 41 की जगह 28 रन ही बना सकी।
आखिरी तीन ओवर में पलटा मैच
17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 181 रन था। तब तिलक 28 गेंद में 56 रन और हार्दिक 11 गेंद में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी के लिए आए। शुरुआती तीन गेंद पर हार्दिक ने सात रन बटोरे। इसमें एक चौका शामिल है। चौथी गेंद पर तिलक स्ट्राइक पर आए। बड़ी हिट लगाने के चक्कर में तिलक स्वीपर कवर में कैच आउट हो गए। तिलक 29 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद नमन धीर ने अगली ही गेंद पर छक्का लगाया और ओवर की आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बना। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 194 रन था।
यह भी पढ़े …
शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं मिचेल मार्श, वॉर्नर-कोहली से की बराबरी
आखिरी 12 गेंद पर एमआई को 28 रन चाहिए थे
आखिरी 12 गेंद पर मुंबई को जीत के लिए 28 रन की जरूरत थी। हार्दिक और नमन क्रीज पर थे। जोश हेजलवुड के इस ओवर की पहली ही गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में हार्दिक कैच आउट हो गए। यॉर्कर लेंथ की गेंद को मिड विकेट में खेलने के प्रयास में वह लिविंगस्टोन को कैच थमा बैठे। हार्दिक 15 गेंद में तीन चौके और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया। चार गेंद के अंदर मुंबई ने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे। सैंटनर बल्लेबाजी के लिए आए। इस ओवर में सैंटनर ने हेजलवुड को एक छक्का लगाया। 19वें ओवर से कुल मिलाकर नौ रन आए।
आखिरी ओवर में मुंबई ने तीन विकेट गंवाए
आखिरी छह गेंद पर मुंबई को जीत के लिए 19 रन की दरकार थी। क्रुणाल पांड्या के रूप में एक स्पिनर को कप्तान रजत पाटीदार ने गेंद थमाई। यह एक गैंबल था, क्योंकि आरसीबी के पास कोई तेज गेंदबाज नहीं बचा था। हालांकि, क्रुणाल ने कमाल की गेंदबाजी की और शुरुआती दो गेंद पर सैंटनर और दीपक चाहर को पवेलियन भेजा। सैंटनर आठ और चाहर खाता खोले बिना आउट हुए। बोल्ट बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन मुख्य बल्लेबाज नमन नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे। तीसरी गेंद पर बोल्ट ने एक रन लिया और नमन के पास स्ट्राइक आया। आखिरी तीन गेंद पर जीत के लिए मुंबई को 17 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर नमन ने एक चौका लगाया और फिर अगली ही गेंद पर नमन भी कैच आउट हो गए और मुंबई की सारी उम्मीदें समाप्त हो गईं। आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बना और इस तरह आरसीबी की टीम ने मुंबई क 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन ही बनाने दिए। 20वें ओवर में 19 की जगह मुंबई के बल्लेबाज छह रन ही बटोर सके।
आरसीबी का ऑलराउंडर प्रदर्शन
क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 45 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि यश दयाल और हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले। इससे पहले विराट कोहली (67) और रजत पाटीदार (64) के तेजतर्रार अर्धशतकों ने आरसीबी को 2015 के बाद वानखेड़े स्टेडियम में अपनी पहली जीत दर्ज करने में मदद की। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 221 रन बनाए थे। कप्तान रजत पाटीदार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….