हैवान पिता ने 11 माह की मासूम का यमुना में फेंककर ले ली जान

हैवान पिता ने 11 माह की मासूम का यमुना में फेंककर ले ली जान

आगरा : – आगरा में एक पिता पर अपनी 11 माह की मासूम बेटी को यमुना में फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि 17 अगस्त को बेटी का पहला जन्मदिन था और आरोपी पिता खरीदारी के बहाने पत्नी लक्ष्मी और बेटी वंशिका को घर से लेकर निकला था। रास्ते में यमुना पुल पर मौसम की तस्वीरें लेने के बहाने बाइक रोकी और पहले पत्नी-बेटी के साथ फोटो खिंचवाए। इसके बाद उसने कथित तौर पर पत्नी की गोद से मासूम को लेकर यमुना में फेंक दिया। पत्नी ने विरोध किया तो उसे भी नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुल की रेलिंग पकड़ ली और शोर मचाने लगी। राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें…. लापता युवती की नृशंस हत्या,आंध्र प्रदेश में जमीन में मिला शव 2 गिरफ्तार – unique 24 news

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही लक्ष्मी को दहेज और अन्य मांगों को लेकर परेशान किया जा रहा था। बताया गया कि आरोपी ससुराल पक्ष पर गांव का प्लॉट उसके नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था। आरोप है कि कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद आरोपी ने पत्नी और बेटी को मारने की साजिश रची। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक करने की बात भी कही है, हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बच्ची यमुना की तेज धारा में बह गई, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की मदद ली जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक पिता अपनी मासूम बेटी के साथ इतनी बेरहमी कैसे कर सकता है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Breaking News अपराध / हादसा खबरें अन्य राज्यों की