अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट: बिना लाइसेंस के चल रही थी मौत की फैक्ट्री

अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट: बिना लाइसेंस के चल रही थी मौत की फैक्ट्री

कौशांबी :- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर स्थित पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने सिस्टम की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है। इस भयानक हादसे में 11 से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिनमें कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और लापरवाही बरतने के आरोप में 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें… शिक्षिका से किया था चाकू की नोक पर दुष्कर्म; अब हुई उम्रकैद – unique 24 news

2 साल पहले ही रद्द हो चुका था लाइसेंस

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस पटाखा निर्माण और भंडारण इकाई का लाइसेंस 4 अप्रैल 2024 को ही अनियमितताओं के चलते निलंबित कर दिया गया था। इसके बावजूद, फैक्ट्री संचालक बेखौफ होकर अवैध रूप से बारूद का यह कारोबार चला रहे थे और रिहायशी इलाके में मौत का सामान इकट्ठा कर रहे थे।

लापरवाही पर एक्शन: 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड

अवैध रूप से चल रही इस फैक्ट्री की जानकारी स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं थी, इसे लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। इस लापरवाही को कड़ाई से लेते हुए प्रयागराज रेंज के आईजी ने पिपरी थाने से जुड़े 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जिनमें कई तत्कालीन इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं।

मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार, संपत्ति पर चला बुलडोजर

घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी नौशाद शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। मंगलवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बुलडोजर कार्रवाई :- प्रशासन ने इस अवैध कारोबार में शामिल मोहम्मद आदिल के एक अन्य गोदाम पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया है। दोषियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और विस्फोटक अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन और आर्थिक सहायता

धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के आसपास के कई मकान ढह गए और धमाके की गूंज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर 10 घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Breaking News अपराध / हादसा