अभनपुर :- छत्तीसगढ़िया वाणिज्य उद्योग महासंघ अभनपुर इकाई एवं वृंदावन गार्डन कॉलोनी, सिंगारभाटा के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें…. प्रकृति संरक्षण के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने किया पौधारोपण – unique 24 news
इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया वाणिज्य उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शेखर वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन को देखते हुए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में प्रतिवर्ष कम से कम 20 पौधे अवश्य लगाने चाहिए और केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
संस्था के उपाध्यक्ष श्री ईश्वर पटेल ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, छाया, फल और पर्यावरण का संतुलन प्रदान करते हैं। आज आवश्यकता है कि हम पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जनअभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ अथवा किसी विशेष अवसर पर पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर और स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिहा, लक्ष्मण साहू, नारायण साहू, समीर यादव, सत्या बंजारे सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य प्रमुखजन उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

