रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दशहरा पर शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 से हर्ष फायरिंग करने के मामले में पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हथियारों की सुरक्षा और पुलिस के अनुशासन को लेकर सवाल उठे थे।
Read also:- तोमन कुमार ने जीता गोल्ड, कोच को ₹5 लाख का इनाम unique 24 news
विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के बाद IPS अंकिता शर्मा का AK-47 से कई राउंड फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में वह पारंपरिक साड़ी पहने राइफल से गोलियां चलाती नजर आई थीं। इस घटना पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी।भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए हथियारों को संभालने के तरीके पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में लोडेड हथियार को अलग-अलग दिशाओं में घुमाने और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा को जोखिम में डालने जैसी चिंताएं जताई थीं। उन्होंने इसे हथियारों के सुरक्षित इस्तेमाल के बुनियादी नियमों से जुड़ा गंभीर मामला बताया था।
राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव के मुताबिक, शस्त्र पूजन के दौरान SP अंकिता शर्मा द्वारा हर्ष फायरिंग की गई थी। सुरक्षा नियमों की अनदेखी और सोशल मीडिया पर हुई नकारात्मक टिप्पणियों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने मामले को पुलिस की गरिमा के अनुकूल नहीं माना और SP से स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब IG के माध्यम से पुलिस मुख्यालय भेजा जाना है।PHQ ने SP अंकिता शर्मा को तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले में उनके स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


