रायपुर :- छत्तीसगढ़ के भिलाई में वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर में शुक्रवार को पीजी में रह रही 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब उसकी रूममेट नहाने गई हुई थी। गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एक संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें….. फैक्ट्री ब्लास्ट मामले जांच शुरू : सुरक्षा पर उठे सवाल – unique 24 news
भिलाई। शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक पीजी में शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पीजी के कमरे में घुसे एक युवक ने 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा खुशी साहू पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका खुशी साहू बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुम्ही की निवासी थी। वह करीब एक माह पहले नर्सिंग की पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी और एक निजी नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत थी। पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन करने के उद्देश्य से उसने वैशाली नगर स्थित एक कैफे में नौकरी भी शुरू कर दी थी।
रूममेट के नहाने के दौरान वारदात
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11.30 से 12 बजे के बीच खुशी अपने कमरे में मौजूद थी, जबकि उसकी रूममेट नहाने गई हुई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से उस पर कई वार कर फरार हो गया। जब रूममेट बाहर आई तो खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली। उसने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
पहले परिवार को दी गलत जानकारी
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि रूममेट ने सबसे पहले मृतका के परिजनों को फोन कर कहा कि खुशी ने अपने हाथ की नस काट ली है। बाद में अस्पताल पहुंचने पर उसने बताया कि कमरे में आए एक युवक ने चाकू से हमला किया था। इस विरोधाभासी बयान को लेकर पुलिस रूममेट से भी गहन पूछताछ कर रही है।
एक महीने पहले ही शुरू किया था नया सफर
परिजनों के मुताबिक खुशी पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भर बनना चाहती थी। उसने परिवार से कहा था कि वह नौकरी कर अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाएगी। कॉलेज शुरू होने से पहले ही उसने एक कैफे में काम करना शुरू कर दिया था।
प्रेम संबंध के एंगल पर भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि खुशी की एक युवक से बातचीत होती थी, जिसकी जानकारी उसने अपने भाइयों को भी दी थी। इसी आधार पर एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई है और उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रेम संबंध सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतका के परिचितों, रूममेट और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

