25 जुलाई तक व्यापक बारिश के आसार; देश के अधिकांश हिस्से में मानसून

25 जुलाई तक व्यापक बारिश के आसार; देश के अधिकांश हिस्से में मानसून

न्यूज़ डेस्क :- देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उपग्रह चित्रों के अनुसार देश के लगभग 70 प्रतिशत हिस्से पर मानसूनी बादलों का प्रभाव बना हुआ है और 25 जुलाई तक उत्तर, पूर्व तथा पूर्वोत्तर भारत सहित अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, लगातार हो रही वर्षा से असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है, जबकि उत्तर प्रदेश में गंगा का बढ़ता जलस्तर घाटों और मंदिरों तक पहुंच गया है। दूसरी ओर राजस्थान में बारिश की रफ्तार थमने से गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है।


मौसम के ताजा आकलन के अनुसार आगामी 25 जुलाई तक देश के 60 प्रतिशत से अधिक हिस्से में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस मानसून सीजन में अब तक देश में सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें… राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हुई ‘श्रीकांत’; भावुक हुए तुषार हीरानंदानी और निधि परमार – unique 24 news
असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति और विकराल हो गई है। कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं, जिससे बड़ी संख्या में गांव जलमग्न हो गए हैं। राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना की मदद ली जा रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बाढ़ से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 57 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे नदी के जलस्तर से वाराणसी और प्रयागराज के घाटों पर पानी पहुंच गया है। वाराणसी में दशाश्वमेध घाट से पंचगंगा घाट तक कई सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं। रत्नेश्वर महादेव मंदिर सहित करीब 40 छोटे मंदिरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
राजस्थान में बारिश थमी, गर्मी ने फिर दिखाई तेवर
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीकानेर संभाग के तीन जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से राज्य के 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन दिनों तक बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Breaking News देश दुनियां