लखनऊ :- आगामी UP विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति तैयार कर रही है | पार्टी ने राज्य की 150 विधानसभा सीटों को चिन्हित कर समाजवादी पार्टी के साथ संभावित सीट बंटवारे के लिए एक प्रारंभिक सूची तैयार की है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस सूची को अंतिम रूप दिया गया है।
यह भी पढ़ें…. ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: राहुल ने की सुप्रीम कोर्ट चलने की अपील – unique 24 news
जीत की संभावना और समीकरण पर जोर
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी इस बार के चुनाव में पूरी तैयारी और सम्मानजनक हिस्सेदारी के साथ उतरने के मूड में है। तैयार की गई इस सूची में उन सीटों को प्राथमिकता दी गई है जहां पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत रहा है या पिछले चुनावों और हालिया लोकसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा था। सीटों के चयन के दौरान ‘जिताऊ उम्मीदवार’, सटीक जातिगत समीकरण और पार्टी के परंपरागत वोट बैंक को मुख्य आधार बनाया गया है।
सपा के साथ जल्द होगी औपचारिक चर्चा
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत आगामी चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा चल रही है। कांग्रेस के रणनीतिकार आने वाले कुछ दिनों के भीतर इस 125 से 150 संभावित सीटों की सूची को समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के समक्ष रखेंगे, ताकि सीटों के बंटवारे पर आधिकारिक मुहर लगाई जा सके। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अभी अंदरखाने मंथन जारी है, लेकिन कांग्रेस इस बात को लेकर आश्वस्त है कि आपसी बातचीत से एक मजबूत और प्रभावी विकल्प राज्य की जनता के सामने रखा जाएगा।
चुनावी तैयारियों को मिल रही रफ्तार
प्रियंका गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में इस बार किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। पार्टी राज्य की हर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर अपनी पैठ मजबूत करने की योजना पर काम कर रही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे का यह समीकरण किस रूप में सामने आता है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


