सक्ती :- जिले के चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध और शादी के दबाव से परेशान एक शादीशुदा युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या के लिए 4 लाख रुपए की सुपारी दी गई और वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर बुलाए गए। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें……राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी – unique 24 news
सक्ती (ए)। सक्ती जिले के जोंगरा गांव में हुई पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे प्रेम संबंधों से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, मृतका का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाओं के प्रचार-प्रसार का काम करते थे।
बताया गया कि पूर्णिमा का वैवाहिक रिश्ता टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। दूसरी ओर मुरलीशंकर पहले से शादीशुदा था। संबंधों की जानकारी उसकी पत्नी चम्पा चौहान को होने के बाद घर में विवाद की स्थिति बनने लगी थी।

पुलिस के अनुसार, मुरलीशंकर ने बाद में पूर्णिमा से दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन युवती लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी ने मिलकर हत्या की योजना तैयार की।
जांच में सामने आया कि दोनों ने झारखंड निवासी राजेंद्र महंत से संपर्क कर 4 लाख रुपए में हत्या की सुपारी तय की थी। पत्नी चम्पा ने अपने पोस्ट ऑफिस खाते से राशि निकालकर आरोपियों को 2 लाख रुपए एडवांस के रूप में दिए थे। वारदात को अंजाम देने में कुल सात अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्होंने योजना बनाने से लेकर आरोपियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।
26 जून की सुबह करीब 11 बजे दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की बाइक से पूर्णिमा के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक घर के भीतर गया और पहचान की पुष्टि करने के बाद पिस्टल से तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), टावर डंप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच के दौरान झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे में आरोपियों की मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीमों ने दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो बाइक, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। घटना स्थल से भी तीन खाली कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

