रायपुर :- बंगाल की खाड़ी में सक्रिय डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम ने फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के बीच कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं सारंगढ़ में नाले में बहे पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
यह भी पढ़ें…. श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में विशेष व्याख्यान का आयोजन – unique 24 news
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी वर्षा, तेज गर्जना और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बारिश के बीच सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र में बड़ा हादसा सामने आया है। लाट नाले में बह गई कार में सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी पिछले 36 घंटे से लापता हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार दोनों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था।
वहीं दुर्ग जिले में अलग-अलग स्थानों पर डूबने की घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। प्रदेश में अब तक मानसून की कुल वर्षा सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम रिकॉर्ड की गई है, हालांकि आगामी दो दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 22.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में ही दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


