भिलाई :- कोसानगर-गांधीनगर इलाके में हेरोइन (चिट्टा) बेचने के लिए ग्राहक तलाशने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। करीब चार महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे 25 वर्षीय वैभव सोनी को पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और लगातार की जा रही पतासाजी के आधार पर दबोचा। आरोपी को दुर्ग लाने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर 24 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें… 3 बोरियां में भूसे के ढेर से मिला 4 करोड़ से ज्यादा कैश! – unique 24 news
पुलिस के मुताबिक 18 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग लाल रंग की कार में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में घूम रहे हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की। मौके से मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज और मोहम्मद फैजान को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 8.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन और लाल रंग की कार क्रमांक CG 07 CV 3587 बरामद की गई। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 9 लाख 94 हजार रुपए आंकी गई थी।
मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वैभव सोनी की तलाश में जुटी थी। वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों के साथ तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाई। इसी दौरान उसके मंडला में होने का इनपुट मिला। सूचना की पुष्टि के बाद सुपेला पुलिस की टीम मंडला पहुंची और दबिश देकर वैभव सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाउसिंग बोर्ड जामुल, जिला दुर्ग का निवासी है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की पूर्व कार्रवाई में 2.65 ग्राम हेरोइन की कीमत करीब 53 हजार रुपए तथा 6.20 ग्राम हेरोइन की कीमत करीब 1 लाख 24 हजार रुपए आंकी गई थी। इसके अलावा रियलमी मोबाइल करीब 7 हजार रुपए, मोटोरोला मोबाइल करीब 10 हजार रुपए और घटना में इस्तेमाल लाल रंग की कार करीब 8 लाख रुपए की बताई गई थी। इस तरह कुल 9 लाख 94 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


