महापौर से 70 वार्ड तक भाजपा का मिशन, भिलाई में चुनावी रणनीति पर मंथन

महापौर से 70 वार्ड तक भाजपा का मिशन, भिलाई में चुनावी रणनीति पर मंथन

भिलाई :- भिलाई नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को हुई पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में महापौर पद के साथ निगम के सभी 70 वार्डों में जीत का लक्ष्य सामने रखा गया। नेताओं ने चुनावी सफलता के लिए बूथ समितियों को सक्रिय करने, शक्ति केंद्रों के बीच समन्वय बढ़ाने और प्रत्येक परिवार तक पार्टी की पहुंच बनाने पर जोर दिया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री से लेकर उपमुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें… चिट्टा तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार,9.94 लाख रुपए का मशरूका जब्त – unique 24 news

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव में स्थानीय स्तर पर जनता के साथ प्रत्याशी और कार्यकर्ता का संपर्क सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी मौसम तक सीमित न रहते हुए पूरे वर्ष लोगों के बीच सक्रिय रहने को कहा। उनके अनुसार, मतदाताओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर लगातार संपर्क बनाए रखना बूथ को मजबूत करता है।
चुनावी कार्यक्रमों का खाका तैयार
भाजपा ने चुनाव प्रचार और जनसंपर्क के लिए कार्यक्रम भी तय किए हैं। 29 नवंबर को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम होगा। 4 दिसंबर को घर-घर भाजपा का झंडा लगाने का अभियान चलाया जाएगा। 5 से 9 दिसंबर तक पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क के साथ नुक्कड़ सभाएं और सामाजिक बैठकें करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन अपनी पहुंच को वार्ड स्तर तक मजबूत करने की तैयारी में है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन पर भरोसा रखते हुए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर काम करने की अपील की। उन्होंने युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अन्य प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सरोज पांडेय ने कार्यकर्ताओं को एक-एक वोट का महत्व समझाते हुए कहा कि पिछले चुनावों में कई वार्डों में हार-जीत का फैसला बेहद कम मतों से हुआ। इसलिए प्रत्येक घर तक पहुंच बनाना और मतदाताओं के साथ व्यक्तिगत संवाद कायम करना जरूरी है। प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले जनसमर्थन को नगर निगम चुनाव में भी बरकरार रखना चुनौती है। बूथ समितियों, शक्ति केंद्रों और वार्ड इकाइयों के बीच समन्वय मजबूत कर इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर महापौर सहित सभी 70 वार्डों में जीत के लिए एकजुट होकर काम करने को कहा। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की। इसमें उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, सांसद लक्ष्मी वर्मा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्राही, जिला प्रभारी रामजी भारती, प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

 

Breaking News छत्तीसगढ़ सरकारी खबरें