Sanjay Dutt अपने एक बयान को लेकर इन दिनों सुर्खियों और विवादों के घेरे में आ गए हैं। हाल ही में वह शेखर सुमन के शो ‘शेखर टूनाइट’ के गांधी जयंती स्पेशल एपिसोड में मेहमान के रूप में पहुंचे थे, जहां उन्होंने देश में शांति और मौजूदा माहौल को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छिड़ गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए संजय दत्त को आखिरकार सफाई देनी पड़ी है।
Read also:- होर्मुज में जहाज पर मिसाइल स्ट्राइक, 11 भारतीय घायल
शो के दौरान ‘मुन्ना भाई’ शैली में मजाकिया अंदाज में बात करते हुए Sanjay Dutt ने देश के हालातों पर चर्चा की थी और कहा था कि उन्हें अब भारत में पहले जैसी ‘शांति’ महसूस नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत के लोग बहुत अच्छे हैं और वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि देश में वैसा सुकून भरा माहौल फिर से लौट आए। शो के एक अन्य सेगमेंट में उन्होंने पांच मिनट के लिए प्रधानमंत्री बनने का नाटक करते हुए मजाकिया लहजे में अपनी बात रखी थी।
हालांकि, उनके इस बयान के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी आलोचना शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर संजय दत्त ने सोशल मीडिया के जरिए अपना बयान जारी किया और माफी मांगते हुए साफ किया कि उनकी बातों का गलत मतलब निकाला गया है। उन्होंने कहा, “मेरी बातें एक स्क्रिप्टेड बातचीत के संदर्भ में कही गई थीं, जिसका मकसद हल्का-फुल्का और मजाकिया अंदाज रखना था। मेरा मकसद किसी की भावनाओं या संस्था का अनादर करना नहीं था।”
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने संजय दत्त के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि महानगरों में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, बीजेपी एमएलसी परिणय फुके ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संजय दत्त पर उम्र का असर दिखने लगा है, और यदि उन्हें भारत में शांति महसूस नहीं होती है, तो वे ऐसी जगहों पर जा सकते हैं।
शेखर सुमन ने किया बचाव
विवाद के बीच शो के होस्ट और अभिनेता शेखर सुमन अपने दोस्त संजय दत्त के समर्थन में आगे आए हैं। एक न्यूज़ चैनल से बातचीत करते हुए शेखर सुमन ने कहा, “संजय दत्त के मन में हमारे देश और देशवासियों के लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने जो कहा, वह पूरी तरह से बे-हानिकारक और सकारात्मक तरीके से कहा गया था। उन्हें ऐसी बातों के लिए बदनाम नहीं किया जाना चाहिए, जिसका वे मतलब ही नहीं रखते थे।”
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


