नकली पनीर के कारोबार का खुलासा करने वाले पत्रकार को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

नकली पनीर के कारोबार का खुलासा करने वाले पत्रकार को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में नकली पनीर का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। समय-समय पर पत्रकार इसका खुलासा करके लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं, लेकिन अब खुलासा करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नकली पनीर के कारोबार के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान एक पत्रकार को गाली-गलौज करने और चाकू से हमला कराने के साथ हत्या करवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।

Read also:- https://unique24cg.com/paddy-procurement-2026-27-khasra-area-correction-society/

पूरा मामला 16 नवंबर को रायपुर के धनेली स्थित आयुष पेट्रोल पंप के पास खाद्य विभाग की कार्रवाई से जुड़ा है। पत्रकार संदीप शुक्ला से मिली सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक कार और पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका था। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 1700 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया गया। जांच में पनीर नकली और अवमानक पाए जाने पर विभाग ने करीब डेढ़ टन पनीर नष्ट करा दिया। बताया गया कि खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य पत्रकार भी मौके पर मौजूद था। इसी दौरान पनीर कारोबार से जुड़े बताए जा रहे सौरभ शर्मा ने पत्रकारों को देखकर आपत्ति जताई। आरोप है कि उसने पत्रकार संदीप शुक्ला के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे चाकू से हमला करवाने और गुंडों से हत्या कराने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि नकली पनीर के कारोबार से जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के कारण उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और अब वह पत्रकार को नहीं छोड़ेगा।

इस मामले में आरोपी सौरभ शर्मा की पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। वह मूल रूप से मध्यप्रदेश के मुरैना का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह भोपाल निवासी शमशाद आलम के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नकली पनीर की सप्लाई करता था। यह भी जानकारी सामने आई है कि सौरभ शर्मा इससे पहले भी नकली पनीर के मामले में पकड़ा जा चुका है। इधर, 16 नवंबर को रायपुर में हुई कार्रवाई के तीन दिन बाद यानी 19 नवंबर को खैरागढ़ में भी नकली पनीर से भरी एक गाड़ी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस गाड़ी में करीब 1500 किलो नकली पनीर था और इसका संबंध भी शमशाद आलम तथा सौरभ शर्मा से जुड़ा हुआ है।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

अपराध / हादसा छत्तीसगढ़