रायपुर। रायपुर पुलिस महकमे की क्राइम ब्रांच से बड़ी खबर सामने आई है। गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां लीक करने के आरोपों के बीच क्राइम ब्रांच में पदस्थ दो आरक्षकों पर कार्रवाई की गई है। डीसीपी क्राइम के निर्देश पर आरक्षक राहुल गौतम और शिवम् द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरक्षकों पर आरोप है कि वे क्राइम ब्रांच से जुड़ी अति-संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां शोएब ढेबर तक पहुंचा रहे थे। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर गोपनीय सूचनाएं लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद डीसीपी क्राइम की ओर से दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच करने के लिखित आदेश जारी किए गए।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई के पीछे प्रशासनिक कारण बताए जा रहे हैं और आरोपों के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोपों की वास्तविकता और कार्रवाई के विस्तृत कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं। दो आरक्षकों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद रायपुर क्राइम ब्रांच में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पूरे मामले में आगे विभागीय जांच या अन्य कार्रवाई होती है या नहीं, इस पर नजर बनी हुई है।



