कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी की स्कूली बच्चों के पहनावे को लेकर दी गई एक सलाह इस समय चर्चा का विषय बन गई है। आपको बता दें की स्वास्थ्य मंत्री ने स्कूली छात्राओं से अगले तीन महीने स्कर्ट की जगह सलवार पहनने की अपील की है, ताकि शरीर को ढककर रखा जा सके | यही नहीं उन्होंने लड़कों को भी पूरी पैंट और पूरी बांह की शर्ट पहनकर स्कूल जाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें…. नहीं होगा इसरो का निजीकरण: अटकलों पर लगा विराम – unique 24 news
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर के महीने डेंगू के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं इसलिए मच्छरों के काटने के खतरे को कम करने के लिए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि लड़कियों को ऐसे कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें, जिनसे उनके पैर पूरी तरह ढके रहें। साथ ही लड़कों को भी पूरी पैंट और पूरी बांह की शर्ट पहनकर स्कूल भेजें |

स्वास्थ्य मंत्री की सलाह के बाद सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे डेंगू से बचाव के लिए व्यावहारिक कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पहनावे को लेकर अनावश्यक सलाह मान रहे हैं। एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विस डॉक्टर्स के सेक्रेटरी डॉ. उत्पल बनर्जी ने कहा कि शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने से मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है, लेकिन सिर्फ कपड़े बदलने से डेंगू की समस्या खत्म नहीं होगी। उन्होंने मच्छरों के प्रजनन स्रोत खत्म करने, लोगों में जागरूकता बढ़ाने और बेहतर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर जोर दिया।
वहीं मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. रुद्रजीत पाल ने स्वास्थ्य मंत्री की सलाह को मेडिकल दृष्टि से सही बताया। उनका कहना है कि पूरी बाजू के कपड़े और पूरी पैंट पहनने से मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है। इसके साथ ही घरों के आसपास पानी जमा न होने देना और मच्छरदानी समेत अन्य बचाव के उपाय अपनाना भी जरूरी है।
पश्चिम बंगाल में मानसून के दौरान डेंगू का खतरा बढ़ जाता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में अब तक राज्य में 4,000 से अधिक डेंगू मामले सामने आ चुके हैं। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 50 प्रतिशत कम बताए जा रहे हैं। राज्य में करीब 148 सक्रिय मामले होने और डेंगू से जुड़ी 7 मौतें आधिकारिक रूप से दर्ज होने की बात कही गई है। डेंगू से प्रभावित प्रमुख जिलों में कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और मुर्शिदाबाद शामिल हैं। नादिया के चकदह समेत कुछ अन्य इलाकों में भी मामले सामने आए हैं।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


