धमतरी: जिले के कुरुद तहसील कार्यालय में सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में एक सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया.
यहाँ भी पढ़े:-CEC निलंबन की मांग पर SC का इनकार, EC-केंद्र से जवाब तलब
जमीन डायवर्जन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप
बताया जा रहा है कि कुरुद एसडीएम कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत ACB को मिली थी. शिकायतकर्ता के मुताबिक जमीन की खरीदी-बिक्री से जुड़े मामले में डायवर्जन की प्रक्रिया के नाम पर पुनेश्वर सूर्यवंशी ने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.
एसीबी अधिकारियों ने सहायक को रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और शिकायत को सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर को रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया. जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम दी, उसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है.
ACB की अचानक हुई इस कार्रवाई से कुरुद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया. कार्रवाई की खबर फैलते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई.
ACB कर रही जांच
फिलहाल ACB की टीम आरोपी सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है. मामले में रिश्वत की मांग से लेकर रकम लेते रंगे हाथ पकड़े जाने तक की पूरी कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है.
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


