रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) आईपीएस अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन और हवाई फायरिंग का मामला इन दिनों चर्चा में है। इस मामले में उठ रहे सवालों और पुलिस मुख्यालय से नोटिस मिलने की खबरों के बीच अब जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने अंकिता शर्मा के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अंकिता शर्मा का वीडियो साझा करते हुए शस्त्र पूजन को भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प से जोड़कर देखा है।
Read also:- Durg News: नदी में किशोर की मौत, नहर में युवक लापताunique 24 news
स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा का पारंपरिक साड़ी पहनकर श्रद्धापूर्वक शस्त्र पूजन करना नारी शक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उनके अनुसार, यह दृश्य भारतीय परंपराओं के प्रति आस्था, नारी गरिमा और राष्ट्ररक्षा के संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में नारी शक्ति को विशेष स्थान प्राप्त है। मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूप समृद्धि, ज्ञान, विवेक और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक माने जाते हैं। देवी परंपरा का संदेश धर्म की रक्षा, निर्बलों की सहायता और समाज के कल्याण से जुड़ा है।
महामंडलेश्वर ने अपने संदेश में कहा कि अंकिता शर्मा का शस्त्र पूजन इस विचार को सामने लाता है कि महिलाएं सांस्कृतिक परंपराओं और आस्था की संवाहक होने के साथ समाज की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इसे उन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया, जो आत्मविश्वास, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं।
उन्होंने अंकिता शर्मा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके साहस, सामर्थ्य और जनसेवा के कार्यों में निरंतर सफलता की कामना की। उनके संदेश में नारी सम्मान, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्ररक्षा के भाव को प्रमुखता दी गई है।
अवधेशानंद गिरि महाराज की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। कई यूजर्स इस घटना को नारी शक्ति और भारतीय परंपराओं से जोड़कर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स अन्य जिलों के पुलिस अधिकारियों के सिविल ड्रेस में हवाई फायरिंग से जुड़े फोटो और वीडियो भी साझा कर रहे हैं।
फिलहाल यह मामला शस्त्र पूजन, पुलिस अधिकारियों के आचरण और सोशल मीडिया पर सामने आ रही प्रतिक्रियाओं के कारण चर्चा में बना हुआ है। इस पूरे घटनाक्रम में शस्त्र पूजन को लेकर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण के साथ-साथ प्रशासनिक पहलू भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


