दुर्ग में नदी-नहर में डूबने की दो घटनाएं, किशोर की मौत; युवक की तलाश जारी

दुर्ग में नदी-नहर में डूबने की दो घटनाएं, किशोर की मौत; युवक की तलाश जारी

खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय राज गुप्ता का शव मिला, तांदुला नहर में बाइक समेत गिरा दुर्गेश ठाकुर अब भी लापता; दोनों जगह SDRF चला रही रेस्क्यू अभियान
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में नदी और नहर में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं से चिंता का माहौल है। कुम्हारी थाना क्षेत्र की खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय राज गुप्ता का शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया गया। वहीं, जामगांव आर थाना क्षेत्र में तांदुला नहर में बाइक समेत गिरे दुर्गेश ठाकुर का अब तक पता नहीं चल सका है। दोनों घटनाओं में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने बचाव और तलाशी अभियान चलाया।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा किशोर

Read also:- सारथी योजना पर BJP का सवाल, हेमंत सरकार से मांगा हिसाब unique 24 news

जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को राज गुप्ता अपने दोस्त निलेश ठाकुर के साथ रायपुर से अकोला गांव के पास खारून नदी पहुंचे थे। नहाने के बाद दोनों नदी के बीच एक पक्षी पकड़ने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान वे गहराई और नदी में मौजूद गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा सके। राज गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा।
मौके पर मौजूद मछुआरों ने निलेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन राज को बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रात में तलाश की गई, लेकिन किशोर का पता नहीं चल पाया।

सुबह दोबारा शुरू हुई तलाश, गोताखोर ने निकाला शव शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे SDRF की टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने नदी के तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग कर तलाशी अभियान चलाया। करीब सुबह 8 बजे राज का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद कुम्हारी थाना पुलिस और परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रायपुर में रहकर काम कर रहे थे दोनों किशोर मृतक की पहचान राज गुप्ता (15), पिता रिंकू गुप्ता, निवासी गोगांव, सीता नगर, रायपुर के रूप में हुई है। वहीं, बचाए गए किशोर की पहचान निलेश ठाकुर (15), पिता धर्मेंद्र ठाकुर के रूप में की गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और काम के सिलसिले में रायपुर में रह रहे थे।
पुल से टकराई बाइक, युवक नहर में गिरा

दूसरी घटना 22 अक्टूबर को जामगांव आर थाना क्षेत्र में हुई। SDRF से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ाडीह के पास गुढ़ियारी और कानाकोट के बीच स्थित तांदुला नहर पुल पर बाइक सवार युवक का वाहन अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। इसके बाद युवक बाइक समेत नहर में जा गिरा। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई गई है।
सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नहर में तलाश शुरू की। जामगांव आर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है।

दुर्गेश ठाकुर की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम नहर में गिरे युवक की पहचान दुर्गेश ठाकुर, निवासी ग्राम तिलोदा, जिला बालोद के रूप में हुई है। SDRF की टीम नहर में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, अब तक युवक का पता नहीं चल पाया है। उसकी उम्र और पिता के नाम की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। रेस्क्यू टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस और SDRF की ओर से आगे की कार्रवाई तलाश अभियान के परिणाम के आधार पर की जाएगी।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

छत्तीसगढ़ दुर्ग – भिलाई