डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर शनिवार तड़के कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार और स्कूटी धू-धूकर जलने लगी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया. दुर्घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसके बाद वाहनों में आग भड़क उठी. आग की लपटों ने कुछ ही देर में कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. स्कूटी भी आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आग बुझने के बाद मौके पर जले हुए वाहनों के अवशेष दिखाई दिए. आग लगने की वास्तविक वजह टक्कर के बाद हुई स्पार्किंग थी या कोई अन्य कारण, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा.
यह भी पढ़ें:-https://unique24cg.com/the-department-has-stated-that-the-attachment-order-regarding-the-philosophers-stipends-is-fake-and-was-created-using-ai/
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी बताए जा रहे हैं। परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। इसके बाद परिवार के गोंदिया लौटने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जली हुई कार से MH 35 KR 5879 नंबर मिला है। यह नंबर महाराष्ट्र का है। फिलहाल पुलिस वाहन के पंजीयन और सवार लोगों की जानकारी जुटा रही है।
हादसे के बाद स्कूटी को लेकर सवाल बना हुआ है। स्कूटी पूरी तरह जल गई है। वहीं, उसके मालिक या चालक की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस स्कूटी के नंबर और अन्य माध्यमों से मालिक का पता लगा रही है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


