रायपुर। दीपावली के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। प्रदेशभर के छोटे-बड़े बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा और रियल एस्टेट सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में अच्छी खरीदारी हो रही है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने इस उत्साह पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
Read also:- हरदीप पुरी के हलफनामे पर कांग्रेस के 3 बड़े सवालunique 24 news
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि इस वर्ष दीपावली पर प्रदेश के व्यापार और उद्योग जगत में नई ऊर्जा और उत्साह दिखाई दे रहा है। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, वस्त्र उद्योग और प्रॉपर्टी कारोबार में भी अच्छी बिक्री दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाजारों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से व्यापारी वर्ग में उत्साह है और त्योहारी सीजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। सतीश थौरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान का असर छत्तीसगढ़ के बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय कुम्हारों, कारीगरों और छोटे शिल्पकारों द्वारा तैयार मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित वस्तुएं और सजावटी सामग्रियों की मांग बढ़ी है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदारी करने की अपील की, ताकि छोटे कारीगरों और स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक मजबूती मिल सके।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चेम्बर अध्यक्ष ने व्यापारियों और आम नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चेम्बर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर बाजारों में सुगम व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों के बाहर सामान नहीं फैलाने और वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखने का आग्रह किया, ताकि सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। साथ ही बाजारों में स्वच्छता और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
अंत में सतीश थौरानी ने मां लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व छत्तीसगढ़ के व्यापार, उद्योग और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने कामना की कि प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


