CG News: ‘गढ़बो हमर व्यापार’ में AI और बिजनेस की ट्रेनिंग

CG News: ‘गढ़बो हमर व्यापार’ में AI और बिजनेस की ट्रेनिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्थानीय व्यापारियों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) और छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में व्यापारियों को सरकारी योजनाओं, औद्योगिक नीति, टैक्स, ऑनलाइन व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से कारोबार बढ़ाने की जानकारी दी गई।

Read also:- Raipur News: स्मृति ईरानी ने सुनी PM मोदी की मन की बातunique 24 news

रायपुर के विमतारा में शनिवार को आयोजित ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यापारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में अपेक्षा से अधिक संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया।प्रशिक्षण के दौरान व्यापारियों ने कारोबार को आगे बढ़ाने, सरकारी सहायता प्राप्त करने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने के तरीके सीखे। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम जिला और संभाग स्तर पर भी आयोजित करने की मांग की। उद्योग विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर सोमानी मंडलोई ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024–2030 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नए उद्योगों की स्थापना, स्टार्टअप, नवाचार और औद्योगिक इकाइयों को मिलने वाले सरकारी प्रोत्साहन के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों के लिए उपलब्ध योजनाओं तथा पात्रता के अनुसार मिलने वाली सब्सिडी और अन्य सहायता की जानकारी भी साझा की। इस सत्र का उद्देश्य नए उद्यमियों और व्यापारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यापारियों को आधुनिक तकनीक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक कुमार साहू ने टैक्स नियमों और व्यापारिक प्रक्रियाओं की बारीकियां समझाईं। वहीं अभिजीत राय ने ऑनलाइन व्यापार और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से कारोबार बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

AI विशेषज्ञ सौरभ सराफ ने व्यापारिक कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और इससे कार्यक्षमता बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी। इसके अलावा आनंद वर्धन (SPIU, CSIDC) ने पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग के महत्व और व्यवसाय में इसके उपयोग पर प्रकाश डाला। छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि संगठन की स्थापना का मुख्य उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना है।

उन्होंने कहा कि महासंघ लगातार छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में आगे लाने का प्रयास कर रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें नई तकनीकों से जोड़ने की पहल जारी रहेगी। महासंघ के उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया और ईश्वर पटेल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने हिस्सा लिया।उन्होंने कहा कि व्यापारियों की भागीदारी से स्पष्ट है कि स्थानीय कारोबारी आधुनिक तकनीक अपनाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी जारी किए जाएंगे।

महासंघ के महासचिव कुबेर चंद्राकर ने प्रशिक्षकों और व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छत्तीसगढ़िया व्यापारियों से एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग और स्थानीय स्तर पर खरीदारी को बढ़ावा देने से कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे। संगठन की मजबूती और आपसी विश्वास से छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई दिशा दी जा सकती है। कार्यक्रम में महासंघ के उपाध्यक्ष माशीष साहू एवं पुनारद निषाद, कोषाध्यक्ष ललित साहू सहित विजय चंद्रवंशी, गुलाब साहू, दिनेश सारसीहा, देवेंद्र सांभकर, रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, नागेश्वर वर्मा, टीकम सिंह ठाकुर, पारस पटेल, यश साहू, त्रिलोचन साहू, लक्ष्मण साहू, गोविंद यादव, लालजी साहू, नारायण साहू और रजनी चंद्रवंशी उपस्थित रहीं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से आए अनेक व्यापारी और संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

Business News छत्तीसगढ़