नेपाल में आया सैलाब, मिनटों में नदी ने लिया रौद्र रूप: 55 मौत कई लापता!

नेपाल में आया सैलाब, मिनटों में नदी ने लिया रौद्र रूप: 55 मौत कई लापता!

काठमांडू :- आज सुबह नेपाल के रसुवा जिले में तिब्बत की ओर से अचानक आए बेहद तेज बाढ़ के पानी ने भारी तबाही मचा दी है । टिमुरे बाजार और सीमा क्षेत्र में आई इस बाढ़ में अब तक 55 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। तेज बहाव में पुल, सड़कें, वाहन और इमारतें बह गईं, जबकि कई पुलिस कार्यालय और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

यह भी पढ़ें… पावस प्रसंग में नन्हीं नृत्यांगना आशिका सिंघल की मनमोहक कथक प्रस्तुति – unique 24 news

सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में बाढ़ की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की ओर से अचानक पानी का तेज बहाव आया। लेन्दे खोला यानी भोटेकोशी नदी में पानी बढ़ने के बाद रसुवा के टिमुरे और आसपास के इलाकों में बाढ़ ने तबाही मचा दी। वीडियो में शुरुआत में नदी सामान्य नजर आती है, लेकिन कुछ ही समय में पानी का बहाव बेहद तेज हो जाता है। इसके बाद नदी के रास्ते में आने वाली संरचनाएं, वाहन और अन्य सामान पानी में बहते दिखाई देते हैं।

बाढ़ की चपेट में अंतरराष्ट्रीय आवागमन को जोड़ने वाला हाल ही में दोबारा बनाया गया पक्का पुल भी बह गया। रसुवा सीमा नाका और कस्टम क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर नुकसान की जानकारी सामने आई है। रसुवा भन्सार क्षेत्र में खड़े कई वाहन और अन्य सामान तेज बहाव में बह गए। टिमुरे समेत आसपास के दो बाजार भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बताए जा रहे हैं।

बाढ़ का असर सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर भी पड़ा है। इलाका प्रहरी कार्यालय टिमुरे, प्रहरी चौकी स्याफ्रुबेसी और प्रहरी चौकी रसुवागढ़ी जलमग्न और क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कई हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।

नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने दोबारा बाढ़ आने की आशंका को देखते हुए लोगों और राहत-बचाव दलों को सतर्क रहने को कहा है। चीन की ओर से मिली जानकारी के आधार पर आशंका जताई गई है कि कथित रूप से फटी ग्लेशियल झील के स्थान पर अभी करीब 7 मीटर ऊंचा पानी का बांध मौजूद है। इसके टूटने की स्थिति में दोबारा तेज बाढ़ आने का खतरा बताया गया है। इसी वजह से नदी किनारे के इलाकों में जाने और राहत-बचाव अभियान के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

नेपाल आर्मी के सूत्रों के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बुसी और तुसु इलाके से कम से कम 25 लोगों को सुरक्षित निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। रेस्क्यू ऑपरेशन में कुल 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं, जिनमें 7 नेपाली सेना के और 8 अन्य एजेंसियों के बताए गए हैं। घायलों के उपचार के लिए मच्छिली ट्रेनिंग कैंप में मेडिकल सेंटर बनाया गया है। नेपाली सेना की स्पेशल ऑपरेशन और मेडिकल टीमों के साथ अतिरिक्त टीमें भी काठमांडू से प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की गई हैं।

देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए

हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….

Unique 24 Bharat – YouTube

 

Breaking News अपराध / हादसा देश दुनियां