पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जांच में निजी संबंधों से जुड़ी परेशानी की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सुसाइड नोट की सामग्री और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, अमित पोददार पश्चिम बंगाल के शंकरपुर मालदोई के रहने वाले थे। वे पिछले डेढ़ साल से ब्रह्मविद स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार शाम स्कूल परिसर में उनकी मौत की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, अमित एक युवती को पसंद करते थे। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी और सगाई भी हो चुकी थी। इस घटनाक्रम के बाद अमित परेशान थे। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में भी निजी संबंधों से जुड़ी बातों का उल्लेख सामने आया है। फिलहाल पुलिस नोट की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले अमित की किसी से बातचीत हुई थी या कोई विवाद हुआ था।
सहायक पुलिस आयुक्त ने स्कूल परिसर में घटना होने की पुष्टि की है। पुलिस स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी मिल सके।
वहीं, स्कूल प्रबंधन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि इस कठिन समय में वह अमित के परिवार के साथ खड़ा है और परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


