अंबिकापुर : – छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। मैनपाट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सर्दहपति में एक बेटे ने ममता और पिता के साए का खौफनाक अंत कर डाला। महज मामूली कहासुनी के चलते आरोपी बेटे ने आपा खो दिया और अपने ही बुजुर्ग माता-पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जघन्य हमले में 60 वर्षीय हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह भी पढ़ें…. 14 राज्यों से 253 संदिग्ध गिरफ्तार: ISI समर्थित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई – unique 24 news
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सर्दहपति में आरोपी और उसके बुजुर्ग माता-पिता के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में अंधे हुए बेटे ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली और अपने पिता हीराधर यादव और मां गुलाबी पर हमला बोल दिया। बुजुर्ग दंपत्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुल्हाड़ी के गंभीर वार से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। खून से लथपथ शवों को देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी सूचना कमलेश्वरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे सर्दहपति गांव में शोक और दहशत का माहौल है। जिस बेटे को पाल-पोसकर माता-पिता ने बड़ा किया, उसी के हाथों उनकी ऐसी खौफनाक परिणति देखकर हर कोई स्तब्ध है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है तथा वारदात में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


