धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है गांधी मैदान में सैकड़ों महिलाओं का हुजूम उमड़ा है। तीन दिवसीय महाधरने के चलते जिले के 1164 आंगनबाड़ी केंद्रों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। करीब 2300 कार्यकर्ता और सहायिकाएं नियमितीकरण, सेवा समाप्ति पर 10 लाख रुपये और पदोन्नति की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। इन केंद्रों पर ताले लगने से बच्चों के पोषण आहार और शुरुआती शिक्षा पर भी असर पड़ रहा है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो तीन दिन का धरना अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा।
Read also:- छत्तीसगढ़ के 19 DEO का वेतन रोका, जानें वजह unique 24 news
धमतरी के गांधी मैदान में जुटी ये महिलाएं वही हैं, जो रोजाना आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा की जिम्मेदारी संभालती हैं। लेकिन आज बच्चों की सेवा करने वाले हाथ अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने सड़क पर उतर आए हैं। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले शुरू हुए इस महाधरने में जिलेभर की करीब 2300 कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुई हैं। आंदोलन को समर्थन देने प्रदेश अध्यक्ष पद्मावती साहू भी धमतरी पहुंचीं।
प्रदर्शनकारियों की पहली मांग है वर्षों से सेवा दे रही कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण, दूसरी मांग सेवा समाप्ति के बाद एकमुश्त 10 लाख रुपये दिए जाने की है, ताकि बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिल सके। वहीं तीसरी मांग पदोन्नति की है, जिसमें सहायिकाओं को कार्यकर्ता और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देने की बात कही जा रही है। इस आंदोलन का असर अब आंगनबाड़ी व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।
जिले के 1164 केंद्रों में सेवाएं प्रभावित होने से बच्चों को मिलने वाला पोषण आहार और प्रारंभिक शिक्षा बाधित हो रही है। वहीं महिलाओं और बच्चों से जुड़ी अन्य गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है। फिलहाल गांधी मैदान से आंदोलनकारियों ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है। तीन दिन के महाधरने के बाद भी अगर उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ, तो आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।
देश दुनिया की ताजातरीन खबरों के लिए
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें….


