मरवाही वन मंडल में इन दिनों 62 हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के बीच मरवाही परिक्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंचकर उन्हें उकसाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग युवक की पहचान करने में जुट गया है।
Read also:- महासमुंद में 60 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तारunique 24 news
दरअसल, पिछले 10 दिनों से अधिक समय से मरवाही वन मंडल क्षेत्र में 62 हाथियों का दल तीन अलग-अलग समूहों में बंटकर विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों और उनके आवागमन पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश भी दी जा रही है।
इसी दौरान मरवाही परिक्षेत्र से सामने आए वीडियो में एक युवक हाथियों के काफी नजदीक पहुंचता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक हाथियों को उकसाने की कोशिश कर रहा था। इस तरह हाथियों के करीब जाना न केवल युवक के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, बल्कि आसपास मौजूद अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। हाथी संवेदनशील वन्यजीव हैं और खतरा महसूस होने पर आक्रामक हो सकते हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगा है। युवक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं, एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सड़क पार करते समय एक हाथी सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को तोड़ता दिखाई दे रहा है। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो से क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और उनके आसपास लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


